सिंधिया का ‘रेस का घोड़ा’ वाला बयान चर्चा में, कांग्रेस पर बोले- जैसी करनी वैसी भरनी, दतिया उपचुनाव पर भी दिया बड़ा संदेश

ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दो दिवसीय दौरे पर ग्वालियर पहुंचे, जहां उन्होंने दतिया विधानसभा उपचुनाव, कांग्रेस की स्थिति और शिवपुरी में बनने जा रही ऑर्डिनेंस फैक्ट्री को लेकर कई अहम बयान दिए। इस दौरान उनका ‘रेस का घोड़ा’ वाला बयान भी चर्चा का विषय बन गया।

दतिया उपचुनाव को लेकर सिंधिया ने कहा कि चुनाव की घोषणा हो चुकी है और भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में विकास और प्रगति की जो रफ्तार चल रही है, उसका लाभ दतिया को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि जब पार्टी संगठन उन्हें जिम्मेदारी देगा, तब वे भी चुनाव प्रचार के लिए दतिया जाएंगे। साथ ही उन्होंने दतिया की जनता से भाजपा के समर्थन में मतदान करने की अपील की।

सिंधिया ने कहा कि दतिया के विकास के लिए पहले भी कई काम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि दतिया को एयरपोर्ट की सौगात दिलाई गई, कई नई ट्रेनें शुरू कराई गईं और आगे भी विकास की यह रफ्तार जारी रहेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि देश का विकास तभी संभव है, जब हर नागरिक अपना योगदान दे और उसका वोट भी उसी दिशा में जाए।

मध्य प्रदेश कांग्रेस और पंजाब कांग्रेस में चल रही राजनीतिक हलचल पर पूछे गए सवाल के जवाब में सिंधिया ने सीधे किसी पार्टी पर टिप्पणी करने से इनकार किया, लेकिन इतना जरूर कहा कि “जैसी करनी, वैसी भरनी।” उन्होंने कहा कि वे दूसरे दलों की राजनीति पर बोलने में विश्वास नहीं रखते।

इसी दौरान सिंधिया ने अपने चर्चित बयान में कहा कि वे उस रेस के घोड़े की तरह हैं, जिसकी आंखों पर रेस से पहले ब्लिंकर लगा दिया जाता है ताकि वह इधर-उधर न देखकर सिर्फ अपनी मंजिल पर ध्यान दे। उन्होंने कहा कि उनकी आंखों पर भी विकास और प्रगति का ब्लिंकर लगा है और उनका पूरा फोकस देश के विकास पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वे उसी लक्ष्य की दिशा में काम कर रहे हैं और उससे कभी समझौता नहीं करेंगे।

शिवपुरी में बनने जा रही ऑर्डिनेंस फैक्ट्री को लेकर भी सिंधिया ने इसे ग्वालियर-चंबल अंचल और पूरे मध्य प्रदेश के लिए बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में होने वाला शिलान्यास एक ऐतिहासिक पल होगा। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में मध्य प्रदेश की नई पहचान बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *