इंदौर। राम मंदिर दान विवाद के बीच मध्य प्रदेश के इंदौर से एक सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से चर्चा में आ गई है। शहर के रहने वाले राम सिंह मकवाना ने दावा किया है कि उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के नाम 1 लाख 10 हजार रुपये का चेक जारी किया है। चेक की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उन्होंने कहा कि यदि राम मंदिर में दिए गए दान को वापस लेने के लिए अदालत जाने की बात हो रही है, तो इसकी कोई आवश्यकता नहीं है।
राम सिंह मकवाना ने अपनी पोस्ट में लिखा कि श्रद्धालुओं द्वारा भगवान राम के मंदिर के लिए श्रद्धा से दिया गया दान वापस लेने का सवाल ही नहीं उठता। उनका कहना है कि यदि किसी को दान की राशि को लेकर आपत्ति है, तो वे अपनी ओर से 1 लाख 10 हजार रुपये देने के लिए तैयार हैं।
राम सिंह ने बताया कि उन्होंने यह कदम एक समाचार देखने के बाद उठाया। उनका कहना है कि उनकी मंशा केवल अपनी भावनाएं व्यक्त करने की थी। उन्होंने यह भी कहा कि दिग्विजय सिंह जब चाहें इंदौर आकर यह चेक प्राप्त कर सकते हैं।
सोशल मीडिया पर यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। कुछ लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक प्रतिक्रिया मान रहे हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

