डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देते हुए CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, बोले- इसी महीने मध्यप्रदेश में लागू होगी UCC

भोपाल। भारतीय जनसंघ के संस्थापक और प्रखर विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश इसी महीने समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना था कि देश एक निशान, एक प्रधान और एक विधान के सिद्धांत पर चले। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश भी उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए उन राज्यों की श्रेणी में शामिल होने जा रहा है, जहां समान नागरिक संहिता लागू होगी। यह प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और मध्यप्रदेश भी उसी विजन के साथ विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार औद्योगिकीकरण, रोजगार और हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिस मजबूत और आत्मनिर्भर भारत की कल्पना करते थे, उसे साकार करने की दिशा में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में मध्यप्रदेश ने रक्षा क्षेत्र में भी नया इतिहास रचा है। अब प्रदेश में विभिन्न प्रकार के रक्षा उपकरण और डिफेंस प्रोडक्ट्स का निर्माण होगा, जिससे आत्मनिर्भर भारत अभियान को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार मध्यप्रदेश को हर क्षेत्र में सशक्त और विकसित बनाने के लिए लगातार काम करती रहेगी।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने सतगढ़ी में बनने वाले बड़े इंडस्ट्रियल पार्क का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह पार्क उद्योग, रोजगार और आधुनिक सुविधाओं का बड़ा केंद्र बनेगा, जहां निवेश, रोजगार और बेहतर बुनियादी ढांचे की सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही भोपाल को आर्थिक राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में भी तेजी से काम किया जा रहा है।

सीएम मोहन यादव ने यह भी घोषणा की कि भोपाल में अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर बनाए जाएंगे। कुशाभाऊ ठाकरे सभागार के पास बनने वाले कन्वेंशन सेंटर में करीब पांच हजार लोगों के बैठने की क्षमता होगी, जबकि सतगढ़ी में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर 10 से 15 हजार लोगों की क्षमता वाला होगा।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आज मध्यप्रदेश देश के उन राज्यों में शामिल है जहां बेरोजगारी की दर सबसे कम है। उन्होंने कहा कि सरकार के विकास मॉडल का असर हर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है और प्रदेश लगातार प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *