भोपाल को मिली स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क की सौगात, सीएम डॉ. मोहन बोले- विकास और रोजगार का नया अध्याय शुरू

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 6 जुलाई को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतगढ़ी स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने इसे प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह पार्क न सिर्फ भोपाल बल्कि पूरे मध्यप्रदेश की नई पहचान बनेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से विशेष संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि देश के पहले उद्योग मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर बनने वाला यह इंडस्ट्रियल पार्क उनके सपनों को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है और मध्यप्रदेश भी विकास की इस यात्रा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क किसानों, युवाओं और उद्योग जगत के लिए नई संभावनाएं लेकर आएगा। इससे गारमेंट सहित कई उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि भोपाल अब सिर्फ झीलों और प्राकृतिक सुंदरता की राजधानी नहीं रहेगा, बल्कि औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र भी बनेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास का नया दौर शुरू हो चुका है। हाल ही में शिवपुरी में 2,500 करोड़ रुपये की रक्षा क्षेत्र की औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया गया, मुरैना को सोलर सेक्टर की सौगात मिली और गुना में सीमेंट प्लांट पर काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवपुरी में बनने वाली मिसाइलें देश की रक्षा क्षमता को और मजबूत करेंगी।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने में मध्यप्रदेश अहम भूमिका निभा रहा है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2025 के दौरान मिले 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों में से लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। उन्होंने कहा कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में ही 15 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है। उन्होंने घोषणा की कि रोजगार आधारित उद्योगों में काम करने वाली बहनों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना था कि देश में एक संविधान, एक कानून और समान व्यवस्था हो। मध्यप्रदेश इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है और जल्द ही राज्य में यूसीसी लागू करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों के सुझाव लेकर बिना किसी भेदभाव के यह व्यवस्था लागू की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अमेरिका, जापान, ब्रिटेन, कनाडा और दक्षिण कोरिया जैसे देशों से भी मध्यप्रदेश को निवेश प्राप्त हुआ है। प्रदेश में बिजली, सड़क और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्थान पर विकसित किया जा रहा है। यहां से राजा भोज एयरपोर्ट, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन और प्रमुख राजमार्गों तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि सतगढ़ी में लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में 10 हजार लोगों की क्षमता वाला प्रदेश का सबसे बड़ा आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह पूरा क्षेत्र आने वाले समय में मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से औद्योगिक राज्य बन रहा है और अब निवेश के प्रस्ताव जमीन पर दिखाई देने लगे हैं। वहीं विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क भोपाल की नई पहचान बनेगा और इससे हजारों युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार मिलेगा।

औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 70 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाला यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है। इससे भोपाल पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ नई अर्थव्यवस्था के उद्योगों का भी प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *