भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 स्थित ऑटो स्टैंड पर एक महीने की मासूम बच्ची को लावारिस हालत में छोड़ दिया गया। बच्ची को रोता हुआ देखकर लोगों के होश उड़ गए। पुलिस अब इस मामले में दो महिलाओं और एक पुरुष की तलाश कर रही है।
जानकारी के मुताबिक तीनों लोग कुछ देर तक प्लेटफॉर्म नंबर 6 के ऑटो स्टैंड के पास बैठे रहे। इसी दौरान उन्होंने एक ऐसा ऑटो देखा जिसका चालक सवारी लेने स्टेशन के अंदर गया हुआ था। मौका मिलते ही उन्होंने मासूम बच्ची को ऑटो में छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए।
कुछ देर बाद जब ऑटो चालक सवारी लेकर वापस लौटा तो उसने ऑटो के अंदर एक छोटी बच्ची को रोते हुए देखा। यह नजारा देखकर वह घबरा गया और तुरंत जीआरपी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसमें वह स्वस्थ पाई गई। इसके बाद बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन की देखरेख में सौंप दिया गया, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।
पुलिस अब रेलवे स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बच्ची को छोड़कर भागने वाले दो महिलाओं और एक पुरुष की पहचान की जा सके। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच जारी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

