इंदौर। मध्य प्रदेश में एक बार फिर युवक-युवती को लेकर विवाद सामने आया है। शहर के घंटाघर क्षेत्र में शनिवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने एक मुस्लिम युवक को एक हिंदू युवती के साथ होने का दावा करते हुए उसे पुलिस के हवाले कर दिया। संगठन के पदाधिकारियों ने इस मामले को ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बजरंग दल का कहना है कि विश्व हिंदू परिषद के नेता तन्नू शर्मा की सूचना के बाद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। संगठन के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान देवास निवासी फरहान के रूप में की गई, जिसके बाद उसे एमजी रोड थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि युवक के मोबाइल फोन में कई युवतियों से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।
बजरंग दल ने पुलिस से मांग की है कि युवक के मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि कहीं किसी संगठित तरीके से युवतियों को निशाना तो नहीं बनाया जा रहा था।
फिलहाल एमजी रोड थाना पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

