उत्कृष्ट विद्यालय में छात्रों का बवाल! शिक्षिका और शिक्षक पर अभद्रता के आरोप, 3 घंटे तक सड़क जाम

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित नीलगंगा थाना क्षेत्र के उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षक और छात्रों के बीच हुआ विवाद उस समय बड़ा आंदोलन बन गया, जब कक्षा 12वीं के छात्रों ने एक इंटर्न शिक्षिका और एक शिक्षक पर अभद्र व्यवहार और मारपीट के आरोप लगाते हुए स्कूल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों के समर्थन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद यानी एबीवीपी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और शास्त्री नगर रोड पर चक्काजाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद स्कूल प्रशासन के लिखित आश्वासन पर मामला शांत हुआ।

बताया जा रहा है कि कक्षा 12वीं के छात्र पढ़ाई छोड़कर स्कूल परिसर से बाहर आ गए। छात्रों का आरोप है कि इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल कक्षा में अंग्रेजी में ही जवाब देने का दबाव बना रही थीं। जब कुछ छात्र अंग्रेजी में जवाब नहीं दे पाए तो उनके साथ कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। छात्रों का यह भी आरोप है कि विवाद बढ़ने पर शिक्षक रवि पंड्या मौके पर पहुंचे और एक छात्र समेत अन्य छात्रों के साथ मारपीट की। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र विरोध में उतर आए और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

वहीं इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल ने छात्रों के आरोपों से अलग पक्ष रखा। उनका कहना है कि पढ़ाई के दौरान कुछ छात्र जानबूझकर शोर-शराबा कर रहे थे, टेबल और बेंच बजा रहे थे। समझाने पर छात्रों ने कथित तौर पर अभद्र टिप्पणियां कीं और मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने शिक्षक रवि पंड्या को बुलाया। शिक्षिका के अनुसार, विवाद के दौरान शिक्षक ने एक छात्र को थप्पड़ मारा, जिसके जवाब में छात्र ने भी शिक्षक को थप्पड़ मार दिया।

घटना की सूचना मिलते ही नीलगंगा और माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद स्कूल प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत हुई। इसके बाद प्राचार्य विभा शर्मा ने लिखित आश्वासन दिया कि इंटर्न शिक्षिका शुभी जायसवाल को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से हटा दिया गया है, जबकि शिक्षक रवि पंड्या के मामले में जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *