दतिया उपचुनाव में उमा भारती की एंट्री! नरोत्तम मिश्रा के फैसले को बताया ‘आदर्श उदाहरण’, आशुतोष तिवारी को दिया आशीर्वाद

भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद मचे राजनीतिक विवाद के बीच अब मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की भी एंट्री हो गई है। टिकट बदलने के फैसले के बाद पार्टी के भीतर चल रही हलचल के बीच उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक अहम पोस्ट साझा करते हुए पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के रुख की खुलकर सराहना की है।

उमा भारती ने अपनी पोस्ट में लिखा कि दतिया से आशुतोष तिवारी के नाम की घोषणा के बाद उन्होंने नरोत्तम मिश्रा को यह कहते हुए सुना कि वे आशुतोष तिवारी के नामांकन में शामिल होंगे। उमा भारती ने इस फैसले को राजनीति में एक आदर्श उदाहरण बताते हुए कहा कि यह पार्टी और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि वह डॉ. नरोत्तम मिश्रा का हमेशा सम्मान और स्नेह करती हैं। उन्होंने कहा कि जो बात वह स्वयं कहना चाहती थीं, वही बात नरोत्तम मिश्रा ने अपने व्यवहार से पहले ही कह दी। उनके अनुसार, यह उनका बड़ा दिल और संगठन के प्रति समर्पण दिखाता है।

उमा भारती ने यह भी बताया कि वह इन दिनों वृंदावन में हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने उन्हें फोन कर चुनाव में जीत का आशीर्वाद मांगा था, जिसे उन्होंने पूरे मन से दिया और उनके सफल होने की कामना की।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि टिकट को लेकर उपजे विवाद के बीच नरोत्तम मिश्रा का संयमित रुख और अब उमा भारती का खुला समर्थन भाजपा के लिए डैमेज कंट्रोल की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता का संदेश देने की कोशिश भी दिखाई दे रही है।

अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि दतिया उपचुनाव में भाजपा के भीतर पैदा हुआ असंतोष कितना शांत होता है और इसका चुनावी मुकाबले पर क्या असर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *