खरगोन। मध्य प्रदेश से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक शिक्षक कथित तौर पर नशे की हालत में स्कूल के गेट के पास बेसुध पड़ा दिखाई दे रहा है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
बताया जा रहा है कि यह मामला भगवानपुरा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहनपुरा संकुल का है। जानकारी के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय कदवाली फलिया में पदस्थ शिक्षक लाल सिंह किसी काम से संकुल मोहनपुरा पहुंचे थे। आरोप है कि वे नशे की हालत में स्कूल पहुंचे और गेट के पास ही गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिक्षक की हालत देखकर स्कूल आने-जाने वाले छात्र, ग्रामीण और अभिभावक हैरान रह गए। इसके बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि यदि शिक्षक इस तरह की हालत में स्कूल पहुंचेंगे, तो बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर गंभीर असर पड़ेगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। संबंधित शिक्षा विभाग के अधिकारियों की ओर से जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

