सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से बच्चों की सेहत से जुड़ी एक चिंताजनक खबर सामने आई है। मालथौन विकासखंड की प्राथमिक शाला गीदा में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना के तहत परोसे गए मध्यान्ह भोजन में गंभीर लापरवाही उजागर हुई है। स्कूल में बच्चों को परोसी गई दाल में इल्लियां मिलने के बाद हड़कंप मच गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, जब बच्चों को मध्यान्ह भोजन परोसा जा रहा था, तभी उनकी थालियों में दाल के अंदर इल्लियां दिखाई दीं। राहत की बात यह रही कि समय रहते इस बात की जानकारी मिल गई और बच्चों ने भोजन नहीं किया। इससे किसी भी तरह की संभावित स्वास्थ्य संबंधी परेशानी टल गई।
बताया जा रहा है कि स्कूल में मध्यान्ह भोजन का संचालन लक्ष्मी स्व-सहायता समूह द्वारा किया जा रहा है। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी है और उन्होंने संबंधित स्व-सहायता समूह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्कूल के प्रभारी सूरज गौंड ने बताया कि घटना के समय वे स्कूल की किताबें लेने मालथौन गए हुए थे। वापस लौटने पर उन्हें पूरे मामले की जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि सोमवार को शाला प्रबंधन समिति की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें लक्ष्मी स्व-सहायता समूह के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव रखा जाएगा।
वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर प्रतिमा पाल ने तत्काल संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह है कि जिन योजनाओं का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, उनमें इस तरह की लापरवाही आखिर कब तक जारी रहेगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच शुरू हो चुकी है और सभी की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

