खनिज माफियाओं पर बड़ा एक्शन! 324 मामले दर्ज, 1.26 करोड़ रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला गया

शहडोल। जिले में अवैध खनन करने वालों पर प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है। खनिज विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में 14 जुलाई 2026 तक अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के कुल 324 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में अब तक 1 करोड़ 26 लाख 75 हजार रुपये से अधिक की अर्थदंड राशि वसूल की जा चुकी है।

विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में सबसे ज्यादा कार्रवाई देखने को मिली। इस दौरान कुल 229 प्रकरण दर्ज किए गए और 33 हजार घनमीटर से अधिक खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के मामलों का खुलासा हुआ। इन मामलों में 81 लाख 56 हजार रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला गया। इनमें सबसे अधिक मामले रेत के अवैध खनन और परिवहन से जुड़े थे। इसके अलावा पत्थर, बोल्डर, मिट्टी, मुरुम, गिट्टी और कोयले के मामलों में भी कार्रवाई की गई।

वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में 14 जुलाई तक विभाग ने 95 प्रकरण दर्ज किए हैं। इस अवधि में 3 हजार घनमीटर से अधिक खनिज जब्त किए गए हैं और 45 लाख 18 हजार रुपये से ज्यादा की राशि अर्थदंड के रूप में जमा कराई गई है। इस साल भी रेत के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों की संख्या सबसे ज्यादा रही है।

खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य ने कहा है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभागीय टीम नियमित रूप से निरीक्षण कर रही है और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अब देखना होगा कि प्रशासन की इस सख्ती के बाद खनिज माफियाओं पर कितनी लगाम लग पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *