इंदौर में प्रॉपर्टी कारोबारी की संदिग्ध मौत, होटल की दीवार से गिरने का CCTV आया सामने, कर्ज और महिला एंगल की जांच शुरू

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के एक प्रॉपर्टी कारोबारी की होटल की दीवार से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान 43 वर्षीय जीतू साहू के रूप में हुई है, जो इंदौर के अभिनंदन नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना अरविंदो अस्पताल के पीछे स्थित श्याम होटल की है, जहां वे पिछले करीब 20 दिनों से ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन वे दोपहर में होटल पहुंचे थे और देर शाम होटल की ऊंचाई से गिर गए।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हत्या की संभावना को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है। जांच के दौरान दो अहम बातें सामने आई हैं। पहली, मृतक पर कथित तौर पर करोड़ों रुपये का कर्ज था और दूसरी, होटल में एक महिला के आने-जाने की जानकारी भी मिली है। पुलिस अब इन दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

होटल प्रबंधन ने पुलिस को बताया कि जीतू साहू अक्सर होटल में आते-जाते थे और यहां उनका नियमित आना-जाना था। वे कभी ऑनलाइन तो कभी बाहर से खाना मंगवाते थे। वहीं, यह भी जानकारी सामने आई है कि उनके परिवार में पत्नी और बच्चे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि इंदौर में अपना घर होने के बावजूद वे पिछले कई दिनों से होटल में क्यों रह रहे थे?

पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले उनसे मिलने कौन-कौन लोग पहुंचे थे। साथ ही परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।

फिलहाल, यह मामला आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई और साजिश छिपी है, इसका खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। लेकिन होटल से सामने आए इस खौफनाक मंजर ने इंदौर में कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *