पांडे दंपती मामले में नया मोड़: कैलाश विजयवर्गीय ने पुलिस कमिश्नर को लिखा पत्र, रिहाई की उठाई मांग

इंदौर। इंदौर में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घर के बाहर प्रदर्शन करने वाले पांडे दंपती के मामले में अब नया घटनाक्रम सामने आया है। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह को पत्र लिखकर गिरफ्तार दंपती को रिहा किए जाने की मांग की है। बताया जा रहा है कि यह पत्र 24 जुलाई को लिखा गया था, जो अब सार्वजनिक हुआ है।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने पत्र में कहा है कि इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी और दुष्प्रचार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कांग्रेस नेताओं ने उनके बयानों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई।

गौरतलब है कि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित कांग्रेस के कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ टिप्पणी की थी। इसके बाद पांडे दंपती विरोध दर्ज कराने के लिए मंत्री के इंदौर स्थित निवास पर पहुंचे थे, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर बाद में कानूनी कार्रवाई की थी।

अब इस मामले में खुद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पहल करते हुए पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर दंपती की रिहाई की अपील की है। उनके इस कदम के बाद मामले ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है और इसे लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

फिलहाल, सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस प्रशासन मंत्री के पत्र पर क्या निर्णय लेता है। वहीं, पांडे दंपती की गिरफ्तारी और उसके बाद मंत्री द्वारा उनकी रिहाई की मांग ने प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *