दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की रणनीति तैयार, मतदान के दिन बॉर्डर पर तैनात रहेंगे दिग्गज नेता

भोपाल। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी ने मतदान के दिन दतिया की सीमाओं पर अपने वरिष्ठ नेताओं की तैनाती का फैसला किया है। कांग्रेस का कहना है कि यह कदम चुनाव प्रक्रिया पर नजर रखने और मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए उठाया गया है।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दतिया से लगे डबरा क्षेत्र में जीतू पटवारी, सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री लाखन सिंह और जसवीर गुर्जर तैनात रहेंगे। वहीं, भांडेर क्षेत्र में पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह और विधायक फूल सिंह बरैया चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

इसके अलावा सेवढ़ा से लगे बॉर्डर पर उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, भिंड जिला कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल भदौरिया को जिम्मेदारी दी गई है। दतिया से सटे दिनारा क्षेत्र में जयवर्धन सिंह और केपी सिंह को तैनात किया जाएगा।

इतना ही नहीं, दतिया के झांसी बॉर्डर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस का कहना है कि पार्टी मतदान के दिन पूरी तरह सतर्क रहेगी और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी।

गौरतलब है कि दतिया उपचुनाव को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमाई हुई है। ऐसे में मतदान के दिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बॉर्डर पर तैनाती को पार्टी की बड़ी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। अब सभी की नजर 30 जुलाई को होने वाले मतदान और 3 अगस्त को आने वाले नतीजों पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *