इंदौर। राजस्थान के जैसलमेर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले इंदौर निवासी मेजर हाजमा आरिफ का पार्थिव शरीर जब उनके गृह नगर पहुंचा, तो पूरे शहर में शोक की लहर फैल गई। अंतिम दर्शन के लिए सैफी कम्युनिटी हॉल में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और नम आंखों से देश के इस वीर अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूरे सैन्य सम्मान के साथ जब मेजर हाजमा आरिफ की अंतिम यात्रा निकाली गई, तो रास्ते भर भावुक दृश्य देखने को मिले। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने हाथ जोड़कर और सलामी देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। कई लोगों ने पुष्प अर्पित कर देश सेवा में उनके योगदान को याद किया।
अंतिम यात्रा में समाज के लोगों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां भी शामिल हुईं। सभी ने मेजर हाजमा आरिफ को श्रद्धांजलि देते हुए उनके कर्तव्य, समर्पण और देश सेवा को नमन किया।
इंदौर ने अपने वीर सपूत को पूरे सम्मान और भावनाओं के साथ अंतिम विदाई दी। इस दौरान हर आंख नम थी और हर जुबान पर देश के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले इस जांबाज अधिकारी के प्रति सम्मान और श्रद्धा दिखाई दी।

