दिल्ली में होगी एमपी कांग्रेस की बड़ी समीक्षा बैठक! 4 अगस्त को आलाकमान करेगा मंथन, कई जिलाध्यक्षों पर गिर सकती है गाज

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़े बदलावों की आहट तेज हो गई है। पार्टी आलाकमान ने प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली तलब किया है, जहां 4 अगस्त को संगठन की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और सभी प्रदेश सह-प्रभारी शामिल होंगे।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में मध्य प्रदेश में चल रहे ‘संगठन सृजन’ अभियान की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही जिला स्तर पर संगठन की स्थिति और जिलाध्यक्षों के कामकाज का भी आकलन होगा। बताया जा रहा है कि जिन जिलाध्यक्षों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया, उनके खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई पर भी विचार किया जा सकता है।

बैठक में प्रदेश संगठन को और मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी। जिला और ब्लॉक स्तर पर पार्टी की गतिविधियों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों पर भी मंथन होगा। इसके अलावा राज्य के मौजूदा राजनीतिक मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति और पार्टी के भविष्य के कार्यक्रमों पर भी चर्चा की जाएगी।

माना जा रहा है कि इस समीक्षा बैठक के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कई जिलाध्यक्षों की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं और संगठन को नई दिशा देने के लिए अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *