इंदौर। गणेश उत्सव के पावन अवसर पर इंदौर पुलिस ने यातायात सुरक्षा को लेकर अनोखी पहल की है। शहर के व्यस्त व्हाइट चर्च चौराहे पर पुलिस टीम कलाकारों के साथ भगवान गणेश के स्वरूप में सड़क पर उतरी और वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
इस दौरान नुक्कड़ नाटक के जरिए वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। भगवान गणेश का स्वरूप धारण किए कलाकार ने लोगों को यह भी समझाया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल कितना खतरनाक हो सकता है।
अभियान के दौरान ‘विघ्नहर्ता’ ने लोगों से सड़क हादसों के रूप में आने वाले विघ्नों से बचने के लिए सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की। संदेश साफ था कि ट्रैफिक नियमों का पालन करके न सिर्फ खुद की, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जिंदगी भी सुरक्षित रखी जा सकती है।
इंदौर पुलिस ने इस अभियान को सिर्फ जागरूकता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को सम्मानित भी किया। हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वाले और सीट बेल्ट लगाकर कार चलाने वाले लोगों को पुलिसकर्मियों और भगवान गणेश के स्वरूप द्वारा फूल देकर प्रोत्साहित किया गया।
पुलिस के इस सकारात्मक और रचनात्मक अंदाज की आम नागरिकों ने भी सराहना की। अभियान को देखने के लिए व्हाइट चर्च चौराहे पर बड़ी संख्या में राहगीर और श्रद्धालु जुटे।
कार्यक्रम के अंत में मौजूद लोगों ने सुरक्षित ड्राइविंग करने और दूसरों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। गणेश उत्सव के दौरान इंदौर पुलिस की यह पहल लोगों को आस्था के साथ सड़क सुरक्षा का संदेश देने का एक अनोखा प्रयास बन गई।

