भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में खाद्य सुरक्षा विभाग ने रेस्टोरेंट और फूड प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता की जांच को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने शहर के चार प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया, जहां भारी गंदगी, एक्सपायरी सामान और खराब खाद्य सामग्री मिलने के बाद कार्रवाई की गई।
खाद्य विभाग की टीम ने गुरु कृपा फूड एंड कैटर्स, अमानता रेस्टोरेंट, रंजीत रिजॉर्ट और द सेलेस्टील पार्क का निरीक्षण किया। जांच के दौरान गुरु कृपा फूड एंड कैटर्स में पैकेट वाले एक्सपायरी मसाले मिले और किचन में भारी गंदगी भी पाई गई। इन खामियों के चलते प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान खराब हालत में मिले करीब 20 किलो प्याज को मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके अलावा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए मूंग दाल, तुवर दाल और आटे के तीन नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है।
इसी तरह द सेलेस्टील पार्क में भी एक्सपायरी मसालों के पैकेट मिले। यहां फ्रिज में रखी दाल मखनी से बदबू आने की बात सामने आई। विभाग की टीम ने मौके पर खराब प्याज को नष्ट कराया और खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे।
अमानता रेस्टोरेंट और रंजीत रिजॉर्ट के निरीक्षण के दौरान भी साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। विभाग के अनुसार, इन प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन से जुड़ी खामियां पाई गई हैं। संचालकों को साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों में सुधार के सख्त निर्देश दिए गए हैं और विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सेहत के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में भोपाल के अन्य रेस्टोरेंट, भोजनालयों और कैटरिंग प्रतिष्ठानों में भी इसी तरह औचक निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी।

