मौत से पहले बनाया 19 सेकंड का वीडियो! युवक ने लगाए गंभीर आरोप, 2 साल पुरानी सगाई से जुड़ा मामला आया सामने

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के धूलमहू गांव निवासी 26 वर्षीय विकास सिंह की कथित तौर पर जहर खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब सामने आया कि अस्पताल ले जाने से पहले युवक ने अपने मोबाइल से 19 सेकंड का एक वीडियो रिकॉर्ड किया था।

बताया जा रहा है कि वीडियो में विकास ने कुछ लोगों पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और झूठे मामलों में फंसाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने वीडियो और मोबाइल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, युवक की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसी दौरान युवक के मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया वीडियो सामने आया, जिसे अब जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

वीडियो में विकास ने दावा किया कि करीब दो साल पहले उसकी एक युवती से सगाई हुई थी। उसका आरोप है कि सगाई के दौरान युवती के परिवार ने उससे 10 लाख रुपये लिए, लेकिन बाद में रिश्ता तोड़कर युवती की शादी दूसरी जगह कर दी गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि इसके बाद उसे लगातार परेशान किया गया और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज कराए गए।

जानकारी के मुताबिक, सगाई टूटने के बाद भी दोनों के साथ रहने की बात सामने आई थी। इसी मामले में युवती के परिजनों ने विकास के खिलाफ दुष्कर्म और अपहरण का मामला दर्ज कराया था। परिजनों का कहना है कि इन मामलों के चलते विकास लंबे समय से मानसिक तनाव में था।

फिलहाल पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और वीडियो समेत पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *