जबलपुर में बदमाशों का खौफ! बड़ी बहन के अपहरण के बाद छोटी को धमकी, एक साल से स्कूल नहीं जा सकी नाबालिग

जबलपुर। मध्य प्रदेश की न्यायधानी जबलपुर से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि इलाके के कुछ बदमाशों के डर से एक नाबालिग बच्ची पिछले एक साल से स्कूल तक नहीं जा पा रही है। परिवार का कहना है कि पहले उनकी बड़ी बेटी का अपहरण कर लिया गया और अब छोटी बेटी को भी उठा ले जाने की लगातार धमकियां मिल रही हैं। डर और असुरक्षा के कारण पूरा परिवार अपना घर छोड़ने पर मजबूर हो गया है।

पीड़ित परिवार के मुताबिक, इलाके के ही विकास केवट और अर्जुन पासी पर बड़ी बेटी के अपहरण का आरोप है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते परिवार ने अपना घर छोड़ दिया और अब दूसरी जगह किराए के मकान में रहकर पहचान छिपाने को मजबूर है। परिवार का कहना है कि भय के कारण छोटी बेटी की पढ़ाई भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है और वह पिछले एक साल से स्कूल नहीं जा सकी।

परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार स्थानीय पुलिस से शिकायत की, लेकिन आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस से निराश होने के बाद परिवार न्याय और सुरक्षा की मांग लेकर जबलपुर एसपी कार्यालय पहुंचा और वरिष्ठ अधिकारियों से गुहार लगाई।

पीड़ित परिवार की महिलाओं का कहना है कि बड़ी बेटी के बाद अब छोटी बेटी को भी लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उनका आरोप है कि डर के कारण उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा, लेकिन अब तक उन्हें पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिल सकी है।

वहीं, जबलपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि परिवार की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित थाना पुलिस को निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *