एमपी में 2 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां! ESB ने शुरू की भर्ती, जानिए आवेदन की आखिरी तारीख और परीक्षा शेड्यूल

भोपाल। मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल यानी ESB ने समूह-2 उपसमूह-4 संयुक्त भर्ती परीक्षा 2026 के तहत 2 हजार से अधिक पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 18 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।

ESB के अनुसार 4 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। यदि आवेदन पत्र में किसी तरह की गलती हो जाती है तो उसमें 23 अगस्त तक संशोधन किया जा सकेगा। भर्ती परीक्षा 22 सितंबर 2026 से शुरू होगी और इसे दो पालियों में आयोजित किया जाएगा।

इस भर्ती के माध्यम से विभिन्न विभागों में तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें पंचायत समन्वय अधिकारी के 311 पद, जनजातीय कार्य विभाग में मंडल संयोजक के 72 पद, उद्योग संचालनालय में सहायक प्रबंधक के 45 पद समेत सहायक संपरीक्षक, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सहायक जनसंपर्क अधिकारी, पुस्तकालयाध्यक्ष और ग्रामीण विस्तार पर्यवेक्षक जैसे कई पद शामिल हैं।

भर्ती में पटवारी के 200 पद भी शामिल किए गए हैं। खास बात यह है कि ये सभी 200 पद केवल दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रखे गए हैं।

आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। मध्य प्रदेश के आरक्षित वर्ग और महिला अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट का प्रावधान भी दिया गया है।

आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपये और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 250 रुपये निर्धारित किया गया है।

अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, तो यह भर्ती आपके लिए एक बड़ा अवसर हो सकती है। आवेदन की अंतिम तारीख 18 अगस्त है, इसलिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करना न भूलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *