इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग यानी MPPSC ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। 674 पदों पर निकली इस भर्ती के लिए उम्मीद से कम आवेदन मिलने के बाद आयोग ने एक बार फिर आवेदन पोर्टल खोल दिया है। अब इच्छुक उम्मीदवार 15 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जानकारी के मुताबिक अब तक 674 पदों के लिए करीब 14 हजार आवेदन ही प्राप्त हुए हैं। अभ्यर्थियों की मांग और कम आवेदन संख्या को देखते हुए आयोग ने दोबारा आवेदन का मौका देने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि पोर्टल फिर से खुलने के बाद करीब एक हजार नए आवेदन और प्राप्त हो सकते हैं।
शिक्षा क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि इस बार आवेदन अपेक्षाकृत कम होने से प्रतियोगिता भी कम रह सकती है। ऐसे में चयन की संभावना पहले के मुकाबले अधिक मानी जा रही है, जिससे उम्मीदवारों के लिए यह सुनहरा अवसर साबित हो सकता है।
भर्ती प्रक्रिया के तहत अंतिम चरण की लिखित परीक्षा 4 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। सुबह की पाली में सामान्य अध्ययन का पेपर होगा, जबकि दोपहर की पाली में संबंधित विषय की मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी।
लिखित परीक्षा पूरी होने के बाद अगले वर्ष जनवरी से इंटरव्यू प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में जो उम्मीदवार अब तक आवेदन नहीं कर पाए थे, उनके पास 15 अगस्त तक आवेदन करने और अपनी तैयारी को अंतिम रूप देने का बेहतरीन मौका है।

