इंदौर। फर्जी आर्म्स लाइसेंस मामले में कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद अनवर कादरी उर्फ अनवर डकैत की गिरफ्तारी के बाद महू से भाजपा विधायक उषा ठाकुर का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने आरोपी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उसका नाम ही उसके व्यक्तित्व और चरित्र का असली परिचय देता है। साथ ही उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन करते हुए इसे कानून के राज की जीत बताया।
उषा ठाकुर ने कहा कि देर से ही सही, लेकिन इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश और प्रदेश में संविधान और कानून सर्वोपरि हैं। उन्होंने कहा कि असामाजिक और अनैतिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना जरूरी है और ऐसे तत्वों पर हर हाल में लगाम लगाई जाएगी।
भाजपा विधायक ने इस मामले को लव जिहाद और अवैध हथियारों के मुद्दे से भी जोड़ते हुए कहा कि अब फर्जी लाइसेंस के आधार पर हथियार रखने का गंभीर मामला भी सामने आया है। उन्होंने दावा किया कि इस विषय को वे पहले भी विधानसभा में उठा चुकी हैं और इस तरह के मामलों पर लगातार आवाज उठाती रही हैं।
उषा ठाकुर ने जम्मू-कश्मीर के कठुआ से कथित तौर पर फर्जी तरीके से जारी आर्म्स लाइसेंस के मामले को प्रशासनिक चूक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं यह सवाल खड़े करती हैं कि निगरानी व्यवस्था में आखिर कमी कहां रह गई।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा अपराधियों को मिलने वाले कथित राजनीतिक संरक्षण पर भी सवाल उठाए। उषा ठाकुर ने कहा कि जब अपराधियों को संरक्षण मिलता है, तभी उनका मनोबल बढ़ता है और इसका खामियाजा पूरे समाज को भुगतना पड़ता है।
फिलहाल पुलिस अनवर कादरी से पूछताछ कर रही है और जांच एजेंसियां फर्जी आर्म्स लाइसेंस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल में जुटी हैं। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति भी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस पर बयानबाजी और बढ़ने की संभावना है।

