भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 9 अगस्त की सुबह देशभक्ति के रंग में नजर आई। टीटी नगर स्टेडियम से सैकड़ों युवाओं ने बारिश के बीच तिरंगा यात्रा निकाली और राष्ट्र सर्वोपरि का संदेश दिया। खास बात यह रही कि तेज बारिश भी युवाओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने मंच पर तिरंगा लहराकर युवाओं में जोश भरा और सभी से आजीवन देश की सेवा करने का संकल्प लेने की अपील की। इसी के साथ मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराकर हर घर तिरंगा अभियान की भी शुरुआत की गई।
CM मोहन बोले, बारिश में देशभक्तों का स्वागत कर रहे इंद्र देवता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में तिरंगा यात्रा का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन के दौरान देश एकजुट हुआ था, उसी तरह आज भी देशभर में नागरिक तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दे रहे हैं।
सीएम ने बारिश का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे इंद्र देवता भी देशभक्तों और वीरों का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने भारत माता की जय के नारे के साथ युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
क्रांतिकारियों के संघर्ष से मिली आजादी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की आजादी किसी एक दिन का परिणाम नहीं थी, बल्कि इसके पीछे क्रांतिकारियों के लंबे संघर्ष, बलिदान और महात्मा गांधी के अहिंसक आंदोलनों की बड़ी भूमिका रही। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन ने ब्रिटिश शासन की नींव हिला दी थी और लंबे संघर्ष के बाद देश को स्वतंत्रता मिली।
सीएम ने कहा कि आजादी के इस लंबे संघर्ष को हमें हमेशा याद रखना चाहिए और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना चाहिए।
देश की सेवा का आजीवन संकल्प लें युवा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोगों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को याद करने का भी समय है। उन्होंने कहा कि हमें शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए अपने उत्तरदायित्व का पूरी ईमानदारी से पालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत वसुधैव कुटुम्बकम के मार्ग पर आगे बढ़े और हमारा देश हमेशा युवा, मजबूत और स्वतंत्र बना रहे। तिरंगा यात्रा के जरिए बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से उन्होंने आजीवन देश की सेवा करने का संकल्प लेने की अपील की।
बारिश के बीच भोपाल की सड़कों पर निकली यह तिरंगा यात्रा सिर्फ हाथों में लहराते तिरंगे की तस्वीर नहीं थी, बल्कि देशभक्ति, एकता और राष्ट्र सेवा के संकल्प का संदेश भी देती नजर आई।

