हल्की बारिश में खुली विकास के दावों की पोल, कीचड़ में बदला मुख्य मार्ग, जान जोखिम में डालकर स्कूल जा रहे बच्चे

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के देवसर विधानसभा क्षेत्र से विकास के दावों पर सवाल खड़े करने वाली तस्वीर सामने आई है। ग्राम पंचायत गजरा बहरा में हल्की बारिश के बाद ही मुख्य मार्ग पूरी तरह कीचड़ और जलभराव में तब्दील हो गया। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को भी इसी खराब रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है।

बारिश होते ही सड़क बनी तालाब, गड्ढों से बढ़ा हादसे का खतरा

गजरा बहरा का यह मुख्य मार्ग आसपास के कई गांवों को जोड़ता है। लेकिन बारिश होते ही सड़क पर जगह-जगह पानी भर जाता है और गहरे गड्ढों के कारण रास्ते से निकलना मुश्किल हो जाता है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि इसी मार्ग के किनारे ग्राम पंचायत भवन और हाई स्कूल भी स्थित हैं। ऐसे में रोजाना सैकड़ों बच्चे और ग्रामीण कीचड़ और पानी से भरे रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।

शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सरपंच, सचिव और जनपद पंचायत के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। बारिश के दौरान रास्ता और ज्यादा खराब होने से आम लोगों की परेशानी बढ़ जाती है।

बच्चों की सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क और जलभराव के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को हर दिन जोखिम उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इन तस्वीरों के सामने आने के बाद कब तक कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *