भोपाल। जहां तक नजर जा रही थी, वहां तक सिर्फ तिरंगा ही तिरंगा दिखाई दे रहा था। चारों ओर देशभक्ति के गीत गूंज रहे थे और हजारों युवाओं में जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा था। 14 अगस्त को भोपाल के कोलार इलाके में कुछ ऐसा ही देशभक्ति से भरा नजारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विशाल तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री के हरी झंडी दिखाते ही हजारों युवा तिरंगा हाथ में लेकर देश सेवा और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने के लिए आगे बढ़ गए। इस यात्रा का उद्देश्य लोगों के बीच देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और जनसेवा की भावना को मजबूत करना था।
तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सादगी भरा अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने बच्चों को दुलार किया, लोगों के साथ सेल्फी ली और कुछ देर के लिए अपनी गाड़ी से उतरकर जनता के बीच पैदल भी चले। मुख्यमंत्री ने लोगों का उत्साह बढ़ाया और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।
इसी दौरान मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में घोषित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल के डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी नगर से निकाली गई यह भव्य तिरंगा यात्रा सिर्फ मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी तिरंगा यात्राओं में से एक है। उन्होंने कहा कि 80वें स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित इस विशाल यात्रा के जरिए राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्साह और उमंग को और बढ़ाने का काम भी इस तरह के आयोजनों के माध्यम से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज देशभर में नभ, जल और थल, हर जगह तिरंगा शान से लहरा रहा है। तिरंगा यात्रा में उमड़ रहा जनसैलाब और युवाओं का उत्साह देशभक्ति की नई ऊर्जा का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की बढ़ती शक्ति और सामर्थ्य को देख रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत का गौरव लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 को मध्यप्रदेश में निवेश वर्ष के रूप में मनाया गया, जिससे लोगों के लिए आजीविका और रोजगार के नए रास्ते खुले। वहीं किसान कल्याण वर्ष के माध्यम से सरकार किसानों की बेहतरी के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 को युवा वर्ष घोषित किया जाएगा और युवाओं की शक्ति के साथ भारत के मान-सम्मान और गौरव को दुनिया के सामने और मजबूती से स्थापित करने का संकल्प लिया जाएगा।
गौरतलब है कि इस विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन कर्म श्री संस्था की ओर से किया गया था। यात्रा वर्षा मदर टेरेसा स्कूल से शुरू होकर संत हिरदाराम नगर तक पहुंची।
इस ऐतिहासिक यात्रा में बड़ी संख्या में युवा बाइकर्स तिरंगा लेकर शामिल हुए। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर इसका स्वागत किया। बाइकर्स के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक भी यात्रा का हिस्सा बने।
कई स्कूलों के बच्चों ने भी हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा का स्वागत किया। कुछ बच्चे भारत माता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की वेशभूषा में नजर आए, जिसने पूरे माहौल को और भी खास बना दिया।
यात्रा के दौरान पूरा कोलार इलाका भारत माता की जय के नारों और देशभक्ति के गीतों से गूंजता रहा। तिरंगे से सजे इस विशाल आयोजन ने स्वतंत्रता दिवस से पहले भोपाल में देशभक्ति का ऐसा माहौल बना दिया, जिसे देखने के लिए सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग भी जुटे रहे।

