❝किसान परेशान है तो हम चुप नहीं बैठेंगे❞, खाद संकट पर विधायक सेना पटेल ने सरकार को घेरा

आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में खेती के अहम समय के बीच किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उर्वरक वितरण प्रभावित होने और किसानों के जगह-जगह भटकने के मुद्दे को लेकर जोबट से कांग्रेस विधायक सेना महेश पटेल ने प्रदेश सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

विधायक सेना महेश पटेल ने इस मामले को लेकर अलीराजपुर कलेक्टर को पत्र लिखा है और जिले में किसानों को पर्याप्त मात्रा में बिना परेशानी के खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।

विधायक का कहना है कि जिस समय किसान को अपने खेत और फसल की चिंता करनी चाहिए, उस समय उसे खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार और विभाग की व्यवस्थागत खामियों का खामियाजा आखिर किसान क्यों भुगते।

सेना महेश पटेल के मुताबिक, भारत सरकार के iFMS पोर्टल और उर्वरक विक्रेताओं के वास्तविक स्टॉक के बीच मिलान यानी Reconciliation की प्रक्रिया के चलते उर्वरक वितरण प्रभावित हुआ है। विधायक का कहना है कि सरकारी प्रक्रिया अपनी जगह है, लेकिन उसका सीधा असर किसानों पर नहीं पड़ना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसान घंटों लाइन में खड़ा रहे, खाद के लिए एक जगह से दूसरी जगह भटके और समय पर खाद नहीं मिलने के कारण उसकी फसल खराब होने की स्थिति बने, यह स्वीकार नहीं किया जा सकता।

विधायक ने सरकार से तत्काल व्यवस्था सुधारने और जरूरतमंद किसानों तक पर्याप्त मात्रा में खाद पहुंचाना सुनिश्चित करने की मांग की है।

उन्होंने अलीराजपुर कलेक्टर से भी मांग की कि शासन स्तर पर तत्काल जरूरी स्वीकृति और कार्रवाई कर जिले के किसानों को बिना परेशानी के पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराया जाए।

सेना महेश पटेल ने कहा कि किसानों के हक की खाद समय पर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और किसानों को अपने अधिकार के लिए भटकने नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो किसानों के हित में उनकी आवाज और मजबूती से उठाई जाएगी। विधायक ने कहा कि किसान परेशान है तो हम चुप नहीं बैठेंगे और किसान के हक और उसकी फसल की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *