भोपाल से दिल्ली की फ्लाइट में हुई ‘सियासी मुलाकात’, साथ खड़े होकर बात करते दिखे शिवराज और दिग्विजय

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति के दो बड़े और कद्दावर चेहरे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। वजह है भोपाल से दिल्ली जा रही फ्लाइट में दोनों नेताओं की हुई मुलाकात, जिसने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।

फ्लाइट के अंदर दोनों नेताओं की बातचीत की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में शिवराज सिंह चौहान और दिग्विजय सिंह विमान के गलियारे में साथ खड़े होकर बेहद सहज अंदाज में बातचीत करते नजर आ रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक चर्चा हुई और उनके हाव-भाव देखकर बातचीत के गंभीर होने के कयास लगाए जा रहे हैं।

हालांकि मध्य प्रदेश की राजनीति में शिवराज सिंह चौहान और दिग्विजय सिंह को एक-दूसरे का राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी माना जाता है, लेकिन दोनों के बीच व्यक्तिगत और शिष्टाचार संबंधों की चर्चा पहले भी होती रही है। ऐसे में फ्लाइट के अंदर हुई इस मुलाकात ने एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है।

संसद सत्र और मध्य प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम के बीच हुई इस मुलाकात को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे महज शिष्टाचार भेंट मान रहे हैं, तो वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आखिर दोनों नेताओं के बीच देश और प्रदेश के किन मुद्दों पर बातचीत हुई।

शिवराज सिंह चौहान के केंद्र में मंत्री बनने के बाद भोपाल और दिल्ली के बीच उनकी राजनीतिक सक्रियता लगातार बनी हुई है। वहीं दिग्विजय सिंह भी मध्य प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय हैं। ऐसे में दोनों दिग्गज नेताओं का एक ही फ्लाइट में मिलना और काफी देर तक साथ खड़े होकर बातचीत करना फिलहाल सियासी चर्चा का विषय बन गया है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह मुलाकात सिर्फ एक सामान्य शिष्टाचार भेंट थी, या फिर बातचीत के दौरान मध्य प्रदेश की राजनीति से जुड़े किसी अहम मुद्दे पर भी चर्चा हुई। फिलहाल दोनों नेताओं की इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में अटकलों का दौर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *