शिक्षक दिवस पर CM मोहन का शिक्षकों से सीधा संवाद, बच्चों के भविष्य पर रहेगा पूरा फोकस

इंदौर। शिक्षक दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शिक्षकों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री शासकीय शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से वन-टू-वन बातचीत कर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

सांदीपनि शासकीय अहिल्या आश्रम माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षकों के अनुभव और उनके सुझाव जानेंगे। खासतौर पर युवा पीढ़ी और बदलते दौर की नई सोच को समझने वाले शिक्षकों से संवाद कर यह जानने की कोशिश होगी कि बच्चों की शिक्षा को और बेहतर कैसे बनाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री का फोकस सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रहेगा। बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ संस्कार, धर्म और संस्कृति, देशप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने पर भी चर्चा होगी। मुख्यमंत्री शिक्षकों को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए जरूरी गुरु मंत्र भी देंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शिक्षकों से उनके अनुभव और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सुझाव सीधे सुनेंगे। इसके साथ ही स्कूली बच्चों से भी मुख्यमंत्री बातचीत करेंगे, उनके साथ समय बिताएंगे और बच्चों के साथ सेल्फी भी लेते नजर आएंगे।

शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री का संदेश साफ है कि शिक्षक सिर्फ किताबों का ज्ञान देने वाले नहीं होते, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व, सोच और भविष्य को आकार देने में उनकी सबसे बड़ी भूमिका होती है। ऐसे में आज का यह संवाद शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने और बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव मजबूत करने पर केंद्रित रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *