इंदौर। इंदौर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्साह अपने चरम पर नजर आया। मंदिरों से लेकर शहर के अलग-अलग इलाकों में कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में बड़ा गणपति क्षेत्र में श्री महाकाल गर्जना मंडली के बैनर तले भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें अलग-अलग जिलों से आई युवाओं की टीमों ने हिस्सा लिया।
बड़ा गणपति का पूरा इलाका जय श्रीकृष्ण और गोविंदा आला रे के नारों से गूंज उठा। श्री महाकाल गर्जना मंडली पिछले 33 वर्षों से लगातार इस आयोजन का आयोजन करती आ रही है और इस बार इसका 36वां वर्ष रहा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी युवाओं का उत्साह बढ़ाने पहुंचे।
इस बार आयोजकों ने मटकी की ऊंचाई और चुनौती दोनों बढ़ा दी थीं। करीब 51 फीट की ऊंचाई पर माखन-मिश्री से भरी विशाल मटकी बांधी गई थी। इसे फोड़ने वाली विजेता टीम के लिए 5 लाख 51 हजार रुपये का इनाम रखा गया था।
मटकी फोड़ने के लिए अलग-अलग जिलों से आई कुल 10 प्रमुख टीमों का चयन किया गया था। गोविंदाओं ने कई प्रयासों के बाद मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई हासिल की और आखिरकार 51 फीट ऊपर लटकी माखन मटकी को फोड़कर इनाम अपने नाम कर लिया।
आयोजन के दौरान सिर्फ मटकी फोड़ ही नहीं, बल्कि भजन संध्या और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। रात में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया और युवाओं को गीता के उपदेशों के जरिए सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।
आयोजन समिति के वीरेंद्र गुप्ता और मोंटी कौशल ने बताया कि हर साल मटकी की ऊंचाई बढ़ाई जाती है, ताकि युवाओं में उत्साह के साथ सनातन संस्कृति, एकता और आपसी भाईचारे की भावना को भी मजबूत किया जा सके।
इस तरह इंदौर में 51 फीट ऊंची माखन मटकी फोड़ने के साथ जन्माष्टमी का यह आयोजन रोमांच, आस्था और उत्साह से भर गया, जहां गोविंदाओं की मेहनत ने उन्हें 5.51 लाख रुपये का इनाम भी दिला दिया।

