जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के गोहलपुर थाना क्षेत्र से शादी के नाम पर धोखाधड़ी और प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। दुबई की एक नामी आईटी कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर काम करने वाली महिला ने अपने पति पर करीब 14 लाख रुपये के सोने और डायमंड के जेवर तथा नकदी हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि अब पति उसे अपने साथ रखने से इनकार कर रहा है और तलाक देने की धमकी दे रहा है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता अशविंदर कौर की पहचान फेसबुक के जरिए जबलपुर के त्रिमूर्ति नगर निवासी सुनील ठाकुर से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। साल 2020 में दुबई में मुलाकात के बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। इसके बाद 23 फरवरी 2025 को दोनों ने जबलपुर के एक गुरुद्वारे में सिख रीति-रिवाज के साथ शादी कर ली।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी के दौरान उन्होंने अपने पति सुनील ठाकुर को करीब 9 लाख 32 हजार रुपये कीमत के सोने और डायमंड के जेवर दिए थे। इसके अलावा करीब 5 लाख रुपये नकद भी सौंपे थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति का व्यवहार बदल गया और उसने महिला को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।
जब अशविंदर कौर ने अपने जेवर और नकदी वापस मांगी, तो कथित तौर पर पति विवाद करने लगा। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान उसे जबरन तलाक देने की धमकियां भी दी गईं। महिला ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद गोहलपुर पुलिस ने आरोपी पति सुनील ठाकुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब जांच में यह सामने आना बाकी है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और कथित तौर पर हड़पे गए जेवर और नकदी का क्या हुआ।

