बॉयफ्रेंड का ‘खूनी खेल’: ब्लेड से काटा गर्लफ्रेंड का गला, फिर खुद को किया घायल, खून से लथपथ कपल को अस्पताल पहुंची पुलिस

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां किसी विवाद के बाद एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड के गले पर ब्लेड से हमला कर दिया। इसके बाद युवक ने भी खुद के गले पर ब्लेड से वार कर लिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज जारी है।

पूरी घटना पलासिया थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, किसी बात को लेकर युवक और युवती के बीच विवाद हुआ और इसी दौरान युवक ने युवती के गले पर ब्लेड से वार कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने के बाद युवती खून से लथपथ हालत में मदद के लिए दौड़ी।

इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की नजर घायल युवती पर पड़ी। आरक्षक सुमन्त सिंह कछावा, रवि मंडेलिया और वीरेंद्र भूरिया ने बिना समय गंवाए युवती की मदद की। उन्होंने रुमाल से उसके गले पर पट्टी बांधी और ऑटो रुकवाकर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

वहीं, युवती पर हमला करने के बाद युवक ने भी कथित तौर पर अपने गले पर ब्लेड से वार कर लिया। वह भी गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर पड़ा था। आरक्षक रवि मंडेलिया और कृष्णा ने घायल युवक को भी अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल विवाद की असली वजह क्या थी और युवक ने युवती पर हमला क्यों किया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही इस सनसनीखेज घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *