फेसबुक की दोस्ती के बाद जर्मनी से आई महिला का टूरिस्ट वीजा खत्म! बेटी के साथ भोपाल के गौरवी सेंटर में ठहरी, डिपोर्ट करने की तैयारी

भोपाल। फेसबुक के जरिए हुई दोस्ती के बाद जर्मनी से अपनी बेटी के साथ भारत आई एक महिला अब पुलिस के रडार पर है। टूरिस्ट वीजा की वैध अवधि खत्म होने के बाद महिला और उसकी बेटी भोपाल में ठहरी हुई हैं। अब पुलिस दोनों को जर्मनी वापस भेजने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि साल 2011 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए जर्मनी की इस महिला की पहचान जबलपुर के एक युवक से हुई थी। युवक के बुलावे पर महिला अपनी बेटी के साथ भारत आई थी। भारत आने के बाद महिला और उसकी बेटी ने युवक के साथ अलग-अलग जगहों पर घूमकर समय बिताया।

भारत में रहने के दौरान महिला के टूरिस्ट वीजा की वैध अवधि खत्म हो गई। इसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला की जानकारी जुटानी शुरू की। वीजा अवधि खत्म होने की जानकारी मिलने के बाद महिला थाना पुलिस ने जबलपुर निवासी उस युवक से भी लंबी पूछताछ की, जिसके संपर्क में आने के बाद महिला भारत पहुंची थी।

मामले की जानकारी मध्य प्रदेश पुलिस की ओर से जर्मन एंबेसी को भी दी गई है। फिलहाल पुलिस की जांच और जरूरी वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने तक महिला और उसकी बेटी को भोपाल के गौरवी सेंटर में सुरक्षित रखा गया है।

अब सरकार की ओर से दोनों को जर्मनी वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला और उसकी बेटी भारत में वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद कितने समय से रह रही थीं और उनके भारत में रुकने की पूरी परिस्थितियां क्या थीं। ऐसे में आने वाले दिनों में जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद यह तय होगा कि दोनों को जर्मनी कब वापस भेजा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *