सागर जहरीली शराब कांड: 30 हजार के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत का शॉर्ट एनकाउंटर, पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने दबोचा

भोपाल। मध्य प्रदेश के चर्चित सागर जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बहरोल थाना क्षेत्र के जंगलों में रविवार तड़के हुई इस कार्रवाई में पुलिस के मुताबिक आरोपी ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे मौके से पकड़ लिया।

दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी शिवांजय राजपूत बहरोल के जंगलों और कठुआ नाला के आसपास छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही बांदरी और बहरोल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख शिवांजय ने पुलिस टीम पर जानलेवा नीयत से तीन राउंड फायर किए।

इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी। गोली लगने से घायल होकर आरोपी जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल शिवांजय राजपूत को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, जिंदा और खाली कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

बताया जा रहा है कि 21 वर्षीय शिवांजय राजपूत बंडा क्षेत्र में हुई जहरीली शराब त्रासदी के प्रमुख आरोपियों में शामिल है। इस घटना में 30 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

शिवांजय की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की नजर इस मामले में फरार चल रहे दूसरे आरोपियों पर है। पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जहरीली शराब के इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। अब बड़ा सवाल यही है कि इस मामले में फरार बाकी आरोपी कब तक पुलिस की गिरफ्त में आते हैं और जहरीली शराब के इस नेटवर्क के पीछे आखिर कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *