दाखिले से चूके छात्रों को फिर मिला मौका! रिक्त सीटों पर प्रवेश की तारीख बढ़ी, 16 सितंबर तक चलेगा अतिरिक्त CLC चरण

भोपाल। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कॉलेज में दाखिला लेने से चूक गए छात्रों के लिए बड़ी खबर है। उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं की खाली सीटों पर प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को एक और मौका दिया है। इसके लिए अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग यानी CLC चरण 12 सितंबर से शुरू होकर 16 सितंबर तक चलेगा।

दरअसल, उच्च शिक्षा संचालनालय की ओर से पहले जारी आदेश के मुताबिक रिक्त सीटों पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रवेश की प्रक्रिया 21 से 31 अगस्त तक निर्धारित की गई थी। लेकिन छात्र हित को ध्यान में रखते हुए अब प्रवेश का एक और अवसर दिया गया है और अतिरिक्त CLC चरण की अवधि बढ़ाई गई है।

इस अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग चरण के तहत 12 से 16 सितंबर तक सरकारी, अनुदान प्राप्त निजी और प्राइवेट महाविद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित महाविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि निर्धारित अवधि में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कराएं और विद्यार्थियों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराएं।

ऐसे विद्यार्थी जो अब तक कॉलेज में दाखिला नहीं ले पाए हैं, वे इस अतिरिक्त अवसर का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए उन्हें निर्धारित अवधि के भीतर संबंधित महाविद्यालय में जाकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

हालांकि छात्रों को एक बात का विशेष ध्यान रखना होगा कि 16 सितंबर को निर्धारित समय सीमा खत्म होने के बाद प्रवेश मान्य नहीं होगा। उच्च शिक्षा संचालनालय ने सभी महाविद्यालयों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे तय समय सीमा का विशेष ध्यान रखें और प्रवेश की प्रक्रिया समय पर पूरी करें। यानी दाखिले का यह मौका हाथ से निकलने से पहले छात्र संबंधित कॉलेज में संपर्क कर अपनी सीट पक्की कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *