धार में वराह मार्च को लेकर तनाव! लाड मस्जिद-विजय मंदिर बंद, 15 हिंदू नेता गिरफ्तार

 धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में वराह मार्च को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। गंजीखाना स्थित भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण यानी ASI द्वारा संरक्षित ऐतिहासिक लाड मस्जिद और विजय मंदिर परिसर को आज आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। परिसर के बाहर प्रवेश निषेध के पोस्टर लगाए गए हैं और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

दरअसल, आज पीजी कॉलेज मैदान से विजय कीर्ति मंदिर तक ‘वराह मार्च’ निकाला जाना था। लेकिन जिला प्रशासन ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए मार्च की अनुमति निरस्त कर दी। इसके बावजूद मार्च निकालने की कोशिश और विरोध के बीच पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी।

एएसपी विजय डाबर के मुताबिक, वराह मार्च के आयोजकों और सनातन प्रेरित संगठनों से जुड़े सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अब तक 15 हिंदू नेताओं और सदस्यों को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि पुलिस ने की है। पुलिस की ओर से लगातार दबिश और गिरफ्तारियों की कार्रवाई जारी होने की बात भी सामने आई है।

वहीं, लाड मस्जिद और विजय मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। मुख्य प्रवेश द्वार पर वज्र वाहन के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। गंजीखाना और आसपास के संवेदनशील रास्तों पर आवाजाही को नियंत्रित किया गया है और इलाके को सील कर दिया गया है।

प्रशासन की ओर से पूरे हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है और उच्चाधिकारी खुद फ्लैग मार्च तथा सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

अब बड़ा सवाल यही है कि वराह मार्च को लेकर शुरू हुआ यह तनाव आगे क्या रूप लेता है और प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्थिति कब पूरी तरह सामान्य होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *