अशोकनगर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है। विक्रमपुर गांव के चींटिया मोहल्ले में एक ही परिवार के चार मासूम भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। जिस घर में गणेश उत्सव की तैयारियां होनी थीं, वहां अब चार मासूम बच्चों की मौत से मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, स्कूल की छुट्टी होने के कारण चारों भाई सुबह घर से खेत की ओर घूमने निकले थे। मृतकों में 9 साल का देव, 7 साल का त्रिवेद, 6 साल का महादेव और 4 साल का प्रियांश शामिल हैं। बताया जा रहा है कि खेत में बने कुएं के पास पहुंचने के दौरान किसी एक बच्चे का पैर फिसल गया और वह पानी में जा गिरा।
आशंका है कि भाई को डूबता देखकर बाकी बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान एक के बाद एक चारों बच्चे गहरे पानी में समा गए। घटना के वक्त बच्चों के पिता बलवीर मजदूरी करने गए हुए थे, जबकि उनकी मां मायके में थीं।
दोपहर तक जब चारों बच्चे घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। परिवार के लोग जब खेत की ओर पहुंचे तो कुएं के पास का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कुएं में चारों मासूम भाइयों के शव दिखाई दिए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद चारों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।
एक ही परिवार के चार मासूम बच्चों की एक साथ मौत की खबर से पूरे विक्रमपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में गणपति बप्पा के स्वागत की तैयारी होनी थी, वहां अब चार मासूम चिरागों के बुझ जाने से चीख-पुकार मची हुई है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।

