नर्मदापुरम। नर्मदापुरम में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने के आरोपों से जुड़े मामले में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़े दो भाइयों के साथ इटारसी के ‘हिंडन कैफे’ के संचालक की भूमिका भी सामने आने का दावा किया गया है।
महिला थाना प्रभारी राखी मौर्य के मुताबिक, मामले का मुख्य आरोपी अनुज सोनकर है। पुलिस के अनुसार, अनुज इटारसी के पूर्व पार्षद और कांग्रेस जिला महासचिव रजनीकांत सोनकर का बेटा है। वहीं उसका बड़ा भाई राहिल सोनकर बीजेपी कार्यकर्ता बताया गया है। 12 सितंबर की रात पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की थी और राहिल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। इसके बाद मंगलवार को महिला थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर फरार चल रहे मुख्य आरोपी अनुज को नर्मदापुरम से गिरफ्तार कर लिया।
मामले में नया मोड़ तब आया, जब पुलिस ने इटारसी के ‘हिंडन कैफे’ के संचालक हर्ष जॉनसन को भी गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता के बयान के मुताबिक, आरोपी ने कैफे के एक गुप्त केबिन में उसके साथ कथित तौर पर अपराध किया था। इसके बाद पुलिस और FSL की टीम जब जांच के लिए कैफे पहुंची, तो वहां बताए गए केबिन मौजूद नहीं मिले।
पुलिस के अनुसार, जांच में यह बात सामने आई कि मामला दर्ज होने के बाद कैफे संचालक हर्ष ने कथित तौर पर सबूत मिटाने की नीयत से आनन-फानन में केबिन हटवा दिए थे। हालांकि, फर्श और छत पर लगे पंखों के आसपास मिले निशानों से पुलिस को वहां पहले केबिन होने के संकेत मिले। जांच के दौरान वहां कुल छह केबिन होने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, कैफे में जांच के दौरान कुछ संदिग्ध जोड़े भी आपत्तिजनक स्थिति में मिले। फिलहाल मुख्य आरोपी अनुज को मेडिकल और DNA जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां वह मीडिया के कैमरों से चेहरा छिपाता नजर आया।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। साथ ही सबूतों से छेड़छाड़ या अपराध में किसी भी तरह की भूमिका सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अब जांच से यह साफ होगा कि इस मामले में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और कैफे से जुड़े आरोपों की वास्तविकता क्या है।

