डीजे की आवाज को लेकर विवाद के बाद गणेश प्रतिमा खंडित! 3 सगे भाई गिरफ्तार, टीकमगढ़ में पुलिस की त्वरित कार्रवाई

टीकमगढ़। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से गणेश प्रतिमा खंडित किए जाने का मामला सामने आया है। देहात थाना क्षेत्र के मवई गांव में बुधवार रात गणेशोत्सव के दौरान डीजे की आवाज कम करने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गणेश प्रतिमा खंडित किए जाने का आरोप लगा। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि बुधवार रात मवई गांव में गणेशोत्सव का आयोजन चल रहा था और डीजे बज रहा था। इसी दौरान डीजे की आवाज कम करने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के बाद आरोप है कि तीनों आरोपियों ने गणेश प्रतिमा को खंडित कर दिया। घटना के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं और आयोजन समिति के सदस्यों में नाराजगी फैल गई।

आयोजन समिति के सदस्य अनिल अहिरवार की शिकायत पर देहात थाने में तत्काल एफआईआर दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई और आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई।

पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए तीन सगे भाइयों प्रकाश अहिरवार, मनोज अहिरवार और भागचंद अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में विवाद की वजह डीजे की आवाज कम करने को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था सामान्य है। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि विवाद किस तरह बढ़ा और गणेश प्रतिमा को खंडित करने की घटना किन परिस्थितियों में हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *