जबलपुर। जबलपुर में नाबालिग छात्रा से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने शिक्षक सैयद फैजान हुसैन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शिक्षक पिछले करीब तीन साल से व्हाट्सऐप और फोन के जरिए नाबालिग के संपर्क में था और उसे शादी का झांसा देकर अश्लील मैसेज और तस्वीरें भेज रहा था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी छात्रा पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव भी बना रहा था। मामले की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों और स्थानीय संगठनों ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
परिजनों के मुताबिक सैयद फैजान हुसैन पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। आरोप है कि इसके बावजूद वह नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर लगातार संपर्क में था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। खास तौर पर नाबालिग पर शादी और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप, भेजे गए मैसेज और तस्वीरों के साथ-साथ पिछले करीब तीन साल के संपर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में आरोपी के अलावा किसी और की संलिप्तता तो नहीं है। अब जांच के बाद ही साफ होगा कि इस पूरे मामले में सामने आए आरोपों की पूरी सच्चाई क्या है और पुलिस की कार्रवाई आगे किस दिशा में जाती है।

