लाडली बहनों को हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये: डॉ. मोहन सरकार का बड़ा तोहफा, 12 नवंबर को आएंगे खातों में पैसे

भोपाल। मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन सरकार ने लाडली बहनों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। अब प्रदेश की बहनों को हर महीने 1200 रुपये नहीं, बल्कि पूरे 1500 रुपये मिलेंगे। यह घोषणा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की है। साथ ही उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को सिवनी जिले से वे खुद लाडली बहना योजना की राशि सिंगल क्लिक से बहनों के खातों में ट्रांसफर करेंगे।

सोमवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक की शुरुआत वंदे मातरम के सामूहिक गान से हुई, जिसके बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने विश्व विज्ञान दिवस की शुभकामनाएं दीं और कई महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की। मंत्री चैतन्य कश्यप ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को प्रदेशभर में गौरवपूर्ण तरीके से मनाई जाएगी। जबलपुर और आलीराजपुर में भव्य कार्यक्रम होंगे, जिनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़ेंगे।

किसानों के लिए भी अच्छी खबर है। 13 नवंबर को मुख्यमंत्री देवास से एक क्लिक में 1.32 लाख किसानों को 300 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर करेंगे। भावांतर योजना के तहत सोयाबीन का मॉडल रेट 4036 रुपये क्विंटल तय किया गया है।

इसके साथ ही कैबिनेट ने कई अहम परियोजनाओं को मंजूरी दी। खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में एकात्म धाम परियोजना की संशोधित लागत 2424 करोड़ रुपये स्वीकृत की गई है, जहां 108 फीट ऊंची आदि शंकराचार्य की प्रतिमा तैयार की जा रही है। साथ ही खंडवा के मान्धाता क्षेत्र में नया सिविल न्यायालय भी स्थापित होगा।

सरकार ने राज्य के सभी शासकीय भवनों पर सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने का निर्णय भी लिया है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़ को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

अब प्रदेश की लाडली बहनों के चेहरे पर एक नई मुस्कान होगी, क्योंकि 12 नवंबर से हर महीने उनके खातों में आएंगे पूरे 1500 रुपये, जो उनके आत्मनिर्भर भविष्य की नई शुरुआत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *