भोपाल। देश की राजधानी दिल्ली आज बनने जा रही है उद्योग जगत का केंद्र, जहां ‘उद्योग संगम’ के मंच पर मध्यप्रदेश अपने नवाचारों और निवेशक फ्रेंडली विजन की झलक पेश करेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस राष्ट्रीय मंच पर राज्य के विकास मॉडल और निवेश के अनुकूल वातावरण को देशभर के उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं के सामने साझा करेंगे।
नई दिल्ली में आयोजित इस ‘उद्योग संगम’ सम्मेलन में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। यह आयोजन देश के औद्योगिक विकास और व्यापारिक सुधारों की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
सम्मेलन के दौरान Business Reform Action Plan 2024 के परिणाम जारी किए जाएंगे और Ease of Doing Business के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों को सम्मानित किया जाएगा। मध्यप्रदेश, जो बीते वर्षों में उद्योगों के लिए सबसे तेज़ी से उभरता हुआ गंतव्य बना है, इस आयोजन में अपनी पहचान को और मज़बूत करने जा रहा है।
‘उद्योग संगम’ में Invest MP Portal के माध्यम से प्रोत्साहित किए जा रहे राज्य के नवाचारों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा — जिससे निवेशकों को यह संदेश दिया जा सके कि मध्यप्रदेश न सिर्फ भारत का हृदय है, बल्कि उद्योग और नवाचार का नया केंद्र भी बनता जा रहा है।

