नीमच में स्ट्रीट डॉग का कहर — 4 साल की मासूम पर जानलेवा हमला, मुंह पर 10 टांके, ICU में भर्ती

मध्य प्रदेश के नीमच से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शहर के केंट थाना क्षेत्र की शालीमार कॉलोनी में आवारा कुत्तों ने एक 4 साल की मासूम बच्ची पर बेरहमी से हमला कर दिया। बच्ची अपने घर के आंगन में खेल रही थी, तभी तीन से चार खूंखार कुत्तों ने अचानक उस पर धावा बोल दिया। कुत्तों ने बच्ची को आंगन से खींच लिया और घर से कुछ दूरी तक घसीटते हुए उसे बुरी तरह नोच डाला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह बच्ची को कुत्तों के जबड़े से छुड़ाया।

गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे ICU में भर्ती किया है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची के मुंह और आंख पर गहरी चोटें आई हैं और उसके चेहरे पर करीब 10 टांके लगाए गए हैं। बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे डॉक्टरों की सख्त निगरानी में रखा गया है।

मासूम की मां फिरोजा ने बताया कि मैगी खाने के बाद बेटी आंगन में खेल रही थी, तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि यह कॉलोनी में कुत्तों के हमले की तीसरी घटना है। इससे पहले भी एक महिला और एक बच्ची पर हमला हो चुका है, लेकिन नगर पालिका ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की।

स्थानीय लोगों में भय और गुस्से का माहौल है। नगर पालिका द्वारा कुत्तों की नसबंदी अभियान चलाने के बावजूद उनकी संख्या कम नहीं हुई है। उल्टा, इन घटनाओं ने शहर में डर का साया फैला दिया है। लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने अब भी कार्रवाई नहीं की, तो यह हादसे और भयावह रूप ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *