उज्जैन की बेटी आराध्या पोरवाल ने रचा इतिहास – जीती जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप 2025, CM मोहन यादव ने दी बधाई

भोपाल। उज्जैन की बेटी ने एक बार फिर पूरे मध्य प्रदेश और देश का नाम रोशन कर दिया है। चेन्नई में आयोजित जूनियर नेशनल स्क्वैश चैंपियनशिप 2025 में आराध्या पोरवाल ने गर्ल्स अंडर-17 कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। आराध्या की इस उपलब्धि से पूरे उज्जैन में खुशी की लहर है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आराध्या को बधाई देते हुए कहा कि “बेटी ने उज्जैन, प्रदेश और पूरे देश का मान बढ़ाया है।” वहीं, खेल और युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भी आराध्या को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आराध्या का यह प्रदर्शन किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा। अनुशासन, मेहनत और खेल के प्रति उनके जुनून ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। जुलाई 2025 से वह अंडर-17 गर्ल्स कैटेगरी में ऑल इंडिया रैंकिंग में नंबर-1 खिलाड़ी बनी हुई हैं।

इससे पहले भी आराध्या कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में देश का नाम रोशन कर चुकी हैं। उन्होंने एशियन जूनियर चैंपियनशिप में कांस्य पदक और वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप में शीर्ष 32 में जगह बनाई थी।

दिल्ली में पदस्थ पुलिस उपायुक्त विक्रम पोरवाल की बेटी आराध्या को उनकी इस शानदार उपलब्धि पर दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने भी बधाई दी है।

उज्जैन की इस बेटी ने यह साबित कर दिया कि अगर हौसला और लगन हो, तो कोई भी सपना दूर नहीं। आराध्या पोरवाल आज न केवल उज्जैन, बल्कि पूरे देश की प्रेरणा बन चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *