भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्व मानवाधिकार दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए सह-अस्तित्व, शांति और एक-दूसरे के सम्मान का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के हर वर्ग और हर व्यक्ति के अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मानवता, समानता और न्याय के मूल्यों को मजबूत करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने अपील की कि विश्व मानवाधिकार दिवस पर हम सब सह-अस्तित्व की भावना के साथ एक-दूसरे के सम्मान, शांति और अधिकारों को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लें।
गौरतलब है कि हर साल 10 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस मनाया जाता है। मानवाधिकार यह सुनिश्चित करते हैं कि हर व्यक्ति को जन्म से मृत्यु तक कुछ मूलभूत अधिकार प्राप्त हों, जिन्हें किसी भी परिस्थिति में छीना नहीं जा सकता। संयुक्त राष्ट्र ने 10 दिसंबर 1948 को मानवाधिकारों की सार्वभौमिक घोषणा को अपनाया था, जिसके बाद से यह दिन विश्वभर में मानवाधिकारों की जागरूकता के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।

