ग्वालियर। ग्वालियर के इंदरगंज थाना क्षेत्र के खटीक मोहल्ले में चरित्र संदेह के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी धर्मेंद्र मौर्य ने बुधवार देर रात मोगरी लेकर पत्नी रेनू मौर्य पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद धर्मेंद्र फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में पता चला कि धर्मेंद्र अपनी पत्नी के चरित्र पर लगातार शक करता था। वह अक्सर उसे बाइक सवार एक युवक के साथ घूमते देखता था। जब उसने पत्नी से उस युवक के बारे में पूछा तो रेनू ने नाम बताने से इंकार कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे।
बुधवार रात फिर विवाद बढ़ गया और गुस्से में धर्मेंद्र ने पास पड़ी मोगरी से हमला कर दिया। रेनू गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही दम तोड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे के अंदर ही धर्मेंद्र को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि पत्नी बाइक सवार युवक के साथ घूम रही थी और नाम न बताने पर विवाद हुआ।
परिजन बताते हैं कि दोनों की शादी कई साल पहले हुई थी और आर्थिक तंगी के चलते रेनू एक निजी स्कूल में काम करती थी। इस दर्दनाक घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

