उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के मानपुर में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल और तहसीलदार पंकज तिवारी आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, किसान न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता एसडीएम को ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे, लेकिन एसडीएम हरनीत कौर मौके पर नहीं पहुंचीं और ज्ञापन भी स्वीकार नहीं किया गया। इससे नाराज पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल अपने समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि जब तक उमरिया कलेक्टर स्वयं मौके पर नहीं आएंगी, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।
इसी बीच प्रदर्शनकारियों को समझाने और बातचीत करने के लिए तहसीलदार पंकज तिवारी पहुंचे। बातचीत के दौरान माहौल अचानक गर्म हो गया। बहस के बीच कमलेश्वर पटेल ने तहसीलदार से कहा, “आंख मत दिखाइए।” इस पर तहसीलदार ने भी पलटकर जवाब दिया, “आप भी तमीज से बात कीजिए।”
इसके बाद मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी और तहसीलदार से बहस करने लगे। इस दौरान तहसीलदार ने कहा कि उन्हें धमकाया जा रहा है, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उल्टा अधिकारी पर ही धमकाने का आरोप लगाया। कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक का माहौल बना रहा, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

