शहडोल। शहडोल जिला मुख्यालय के गांधी स्टेडियम में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के दौरान खेल के साथ उत्साह, मनोरंजन और उल्लास का अनोखा नज़ारा देखने को मिला, जब सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच जनप्रतिनिधि खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए और मंच छोड़ मैदान में उतर आए।
कार्यक्रम के दौरान जैतपुर की भाजपा विधायक मनीषा सिंह और ब्यौहारी विधायक शरद जुगलाल कोल अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर ग्रुप डांस करते नजर आए, उनका यह सहज और मस्ती भरा अंदाज़ दर्शकों के लिए खास आकर्षण बन गया। आमतौर पर गंभीर छवि में नजर आने वाले जनप्रतिनिधियों को इस तरह जश्न के रंग में रंगा देख पूरा गांधी स्टेडियम तालियों और उत्साह से गूंज उठा।
विधायकों के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष और कांग्रेस से जुड़े नगरपालिका अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी कदम से कदम मिलाया, जिससे खेल मैदान पूरी तरह उत्सव के माहौल में बदल गया और खिलाड़ी, दर्शक और स्थानीय नागरिक इस पल का भरपूर आनंद लेते दिखे।
जनप्रतिनिधियों का यह अनौपचारिक और सौहार्दपूर्ण रूप लोगों को खूब पसंद आया, कई दर्शकों ने इस दृश्य को मोबाइल कैमरों में कैद किया और देखते ही देखते विधायकों के डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर लोग इसे खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल और जनप्रतिनिधियों की सहजता से जोड़कर देख रहे हैं।
गौरतलब है कि गांधी स्टेडियम में आयोजित यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता शहडोल जिले के लिए गर्व का विषय है और ऐसे आयोजनों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाती है, बल्कि खेल और समाज के बीच की दूरी को भी कम करती है।

