MP में बिहार के CM नीतीश और मंत्री विजय शाह के खिलाफ प्रदर्शन, NSUI-युवा कांग्रेस ने फूंका पुतला

मध्य प्रदेश में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के पास NSUI और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार का पुतला फूंका और महिला विरोधी बयानों पर कड़ा विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि एक तरफ हिजाब कांड को लेकर सवाल उठ रहे हैं और दूसरी तरफ मध्य प्रदेश में लाडली बहनों का अपमान करने वाले मंत्री पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 15 दिसंबर को आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र देते समय एक मुस्लिम महिला डॉक्टर के चेहरे से हिजाब खींचा था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और पूरे देश में इसका विरोध हुआ। इस मामले में विपक्ष लगातार नीतीश कुमार से माफी और कार्रवाई की मांग कर रहा है।

वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह के बयान को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल खड़े किए। रतलाम में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक के दौरान मंत्री विजय शाह ने लाडली बहनों को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि सरकार अगर लाडली बहनों को करोड़ों रुपए दे रही है तो उन्हें मुख्यमंत्री का सम्मान करने आना चाहिए और जो बहनें सम्मान करने आएंगी उनके 250 रुपए बढ़ा दिए जाएंगे।

मंत्री विजय शाह ने यह भी कहा था कि जो बहनें सम्मान कार्यक्रम में नहीं आएंगी, उनकी जांच पेंडिंग कर दी जाएगी। उन्होंने लाडली बहनों की संख्या का जिक्र करते हुए कहा था कि जिले में ढाई लाख लाडली बहनें हैं, जिनमें से कम से कम 50 हजार को मुख्यमंत्री के सम्मान में आना चाहिए और उनके भोजन की व्यवस्था सरकार करेगी।

इतना ही नहीं, मंत्री ने यह भी कहा था कि जो बहनें नहीं आएंगी, उनके आधार लिंक और अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी और भुगतान पेंडिंग रखा जा सकता है। इन बयानों को कांग्रेस ने महिलाओं का अपमान बताते हुए कहा कि महिला विरोधी बयान देने वाले नेताओं पर सरकार कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है। इसी मांग को लेकर NSUI और युवा कांग्रेस ने नीतीश कुमार और विजय शाह के खिलाफ सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *