पूर्व पीएम अटल जी की जयंती पर सीएम डॉ मोहन का नमन, बोले– मध्यप्रदेश की विकास यात्रा में जुड़ेगा नया अध्याय

भोपाल। मध्यप्रदेश की विकास यात्रा में आज एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। ग्वालियर में आयोजित अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट के जरिए प्रदेश को औद्योगिक विकास की नई दिशा मिलेगी, जहां करीब 2 लाख करोड़ रुपए की औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया जाएगा। इस अवसर को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें सादर नमन किया और इसे प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन बताया।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर मध्यप्रदेश की विकास यात्रा में आज नया अध्याय जुड़ेगा। उन्होंने बताया कि आदरणीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ग्वालियर में आयोजित अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट में 2 लाख करोड़ रुपए की औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे।

आज ग्वालियर में मोहन सरकार प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और निवेश की ताकत को देश के सामने प्रस्तुत करेगी। अभ्युदय एमपी ग्रोथ समिट 2025 में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में निवेश से रोजगार के संकल्प को साकार किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ सदस्य शामिल होंगे। मेला ग्राउंड में सुबह 11 बजकर 50 मिनट से शुरू होने वाले इस आयोजन में 2 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों के लिए भूमि आवंटन किया जाएगा और करीब 10 हजार करोड़ रुपए के विभिन्न औद्योगिक प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन और लोकार्पण भी होगा।

इस ग्रोथ समिट में देश के 11 बड़े उद्योग घरानों की भागीदारी रहेगी। मध्यप्रदेश सरकार बीते दो वर्षों में हुए औद्योगिक विस्तार, निवेश उपलब्धियों और रोजगार सृजन की जानकारी साझा करेगी। खास बात यह है कि यह आयोजन भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जन्म जयंती के अवसर पर हो रहा है, जहां मेला मैदान में अटल जी के जीवन और विकास यात्रा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *